home page

बिहपुर को आदर्श विधानसभा बनाने और बाढ़ से स्थायी मुक्ति की कवायद तेज

 | 
बिहपुर को आदर्श विधानसभा बनाने और बाढ़ से स्थायी मुक्ति की कवायद तेज


भागलपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले के बिहपुर विधानसभा क्षेत्र को हर साल आने वाली बाढ़ और जलजमाव की गंभीर समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह स्थानीय विधायक इं. शैलेंद्र ने बड़ी पहल शुरू की है।

क्षेत्र को एक आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पटना स्थित पथ निर्माण विभाग के कार्यालय में टेक विमल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।

इस संबंध में बुधवार को जानकारी देते हुए नवगछिया भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि बैठक में बिहपुर, खरीक और नारायणपुर प्रखंड की भौगोलिक स्थिति, गंगा और कोसी नदी के जलप्रवाह तथा जलजमाव से प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं पर विस्तार से मंथन किया गया।

बैठक में जल निकासी के स्थायी समाधान के लिए आधुनिक जापानी तकनीक के उपयोग, वैज्ञानिक सर्वेक्षण, मानचित्रण और नदी व जल विज्ञान के आकलन पर चर्चा की गई। वहीं क्षेत्र में आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने, पुराने जलनिकासी मार्गों को पुनर्स्थापित करने, तटबंधों को मजबूत बनाने और नदी कटाव रोकने के उपायों पर विचार किया गया। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित ग्रामीण सड़कों व पुल-पुलियों के विकास, वर्षा जल प्रबंधन और किसानों की कृषि योग्य भूमि को जलजमाव से बचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान तकनीकी अधिकारियों ने बड़े स्क्रीन पर विस्तृत प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तावित तकनीकी पहलुओं और समाधानों की रूपरेखा मंत्री के समक्ष रखी। मंत्री इं. शैलेंद्र ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ सीएसआर फंड के उपयोग की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है। संस्थागत और सामाजिक सहभागिता जुड़ने से क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर