home page

रसलपुर और अमडंडा में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, चार लोगों पर एफआईआर की अनुशंसा

 | 

भागलपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। जिले के एकचारी विद्युत आपूर्ति प्रशाखा की टीम ने कनीय विद्युत अभियंता आनंद कुमार के नेतृत्व में सोमवार को रसलपुर और अमडंडा थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर बिजली चोरी के चार मामलों का खुलासा किया है।

जांच के दौरान रसलपुर थाना क्षेत्र के राजेश कुमार यादव और गौरव कुमार यादव को मीटर बाइपास कर बिजली चोरी करते पकड़ा गया, जबकि अमडंडा थाना क्षेत्र के मदारगंज में दीपक कुमार सिंह मीटर बाइपास कर तथा उत्तम कुमार सिंह बिना वैध विद्युत कनेक्शन के मुख्य एलटी लाइन में टोका फंसाकर बिजली चोरी करते पाए गए।

बिजली विभाग ने राजेश कुमार यादव पर 24,683, गौरव कुमार यादव पर 31,009, दीपक कुमार सिंह पर 12,845 तथा उत्तम कुमार सिंह पर 64,524 की राजस्व क्षति का आकलन किया है। छापेमारी के दौरान बिजली चोरी में प्रयुक्त पीवीसी तार जब्त कर लिए गए।

कनीय विद्युत अभियंता आनंद कुमार ने चारों आरोपितों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा-135 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर