मिनी मैराथन में साहिल और अंजली ने मारी बाजी
समस्तीपुर, 22 मार्च (हि.स.)। बिहार दिवस 2026 के अवसर पर रविवार की सुबह समस्तीपुर में उत्साह, ऊर्जा और उमंग का अनोखा नजारा देखने को मिला, जब जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित मिनी मैराथन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे सैकड़ों पुरुषों, महिलाओं, पदाधिकारियों और कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह 6:30 बजे बियाडा प्रक्षेत्र स्थित जिला उद्योग केंद्र, समस्तीपुर परिसर से शुरू हुई यह मैराथन मोहनपुर पुल, नक्कु स्थान, बीआरबी कॉलेज और पटेल गोलंबर होते हुए पटेल मैदान परिसर में जाकर संपन्न हुई।
मैराथन को जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह और डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों का जोश देखते ही बन रहा था। बिहार दिवस के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल उत्सव को जनभागीदारी से जोड़ा, बल्कि स्वास्थ्य, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता का भी सशक्त संदेश दिया। पुरुष वर्ग में बीप नंबर 5179 के साहिल कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की। बीप नंबर 5116 के मो. अयानुल हक दूसरे तथा बीप नंबर 5007 के शिवम कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में बीप नंबर 5333 की अंजली कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि खुशी रानी ने द्वितीय और निक्की कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पदाधिकारी वर्ग में नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश प्रथम, डीएम रोशन कुशवाहा द्वितीय तथा डीटीओ सौरभ कुमार तृतीय स्थान पर रहे।प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 5 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपये की नकद राशि के साथ प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि बिहार दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपनी धरती, अपनी विरासत और अपनी सामूहिक शक्ति को पहचानने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि मिनी मैराथन जैसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। “जब युवा दौड़ता है तो सिर्फ कदम आगे नहीं बढ़ते, बल्कि समाज भी प्रगति की ओर बढ़ता है। स्वस्थ शरीर, सजग मन और जागरूक समाज ही विकसित बिहार की असली पहचान है,” डीएम ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी यह साबित करती है कि समस्तीपुर बदलाव, जागरूकता और विकास की राह पर पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है। मौके पर एडीएम ब्रजेश कुमार, एडीएम आपदा राजेश कुमार सिंह, एनडीसी रजनीश कुमार राय, एसडीओ दिलीप कुमार, ट्रैफिक डीएसपी आशिष राज, जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा सहित कई अधिकारी, कर्मी और प्रतिभागी मौजूद रहे। आयोजन को लेकर पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / त्रिलोकनाथ उपाध्याय

