फारबिसगंज में महावीरी झंडा शोभा यात्रा महोत्सव की तैयारियां तेज
अररिया 04 सितम्बर(हि.स.)।
फारबिसगंज के श्री सांवलिया कुंज महावीर ठाकुरबाड़ी से आगामी 13 सितंबर को निकलने वाले भव्य महावीरी झंडा शोभा यात्रा महोत्सव को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है। इस बार के आयोजन को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने के लिए फारबिसगंज के ऊर्जावान युवाओं की टोली ने पूरी ताकत झोंक दी है।
धार्मिक चेतना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से युवाओं की विभिन्न टोलियों द्वारा शहर के सभी प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों और मोहल्लों में व्यापक स्तर पर जनसम्पर्क अभियान चलाया जा रहा है।युवा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है और महोत्सव के महत्व से अवगत कराया जा रहा है।
दो दिवसीय महोत्सव के पूजक पंडित अंगद भूषण दुबे ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि दो दिवसीय इस पावन अनुष्ठान की सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जा रही है।12 सितम्बर को सुबह छह बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य अष्टयाम ,अखंड कीर्तन का शुभारंभ किया जाएगा ।
इसमें स्थानीय और बाहरी कीर्तन मंडलियों द्वारा अहोरात्र प्रभु नाम का संकीर्तन होगा।वहीं 13 सितम्बर को महोत्सव के मुख्य दिन सुबह छह बजे से मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक सुन्दरकाण्ड का पाठ किया जाएगा। दोपहर दो बजे से मंदिर परिसर से मुख्य नगर भ्रमण गाजे-बाजे, पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन और झांकियों के साथ निकाली जाएगी।यह शोभा यात्रा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए वापस ठाकुरबाड़ी पहुंचेगी।
जनसम्पर्क में जुटे युवाओं की टोली ने संयुक्त रूप से फारबिसगंज सहित आसपास के क्षेत्रों के तमाम सनातन धर्मावलंबियों, माताओं, बहनों और युवाओं से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित हों। उन्होंने कहा कि महावीरी झंडा शोभा यात्रा की गरिमा बढ़ाने और इस भव्य धार्मिक समागम को सफल बनाने में हर नागरिक का सहयोग अपेक्षित है।
मंदिर प्रशासन द्वारा बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।वही युवाओं की टोली में मुख्य रूप से अविनाश कन्नौजिया अंशु,आदर्श गोयल,राजा दास,नंदन ठाकुर,डिम्पल चौधरी,मंजीत मिश्रा,शुभम कुमार,संजय तालुकदार,सूरज चौधरी,आशीष विद्यार्थी,बिपिन जायसवाल,गजेंद्र यादव,पिंटू यादव,रूपेश यादव सहित दर्जनों युवाओं लगे हुए है ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

