home page

खाकी महाराज मंदिर के सातवें वार्षिक महोत्सव में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, भक्ति गीतों से गूंज रहा छातापुर

 | 
खाकी महाराज मंदिर के सातवें वार्षिक महोत्सव में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, भक्ति गीतों से गूंज रहा छातापुर


सुपौल, 13 नवंबर (हि.स.)। जिले के छातापुर मुख्यालय स्थित बस पड़ाव परिसर के श्री श्री 108 खाकी महाराज मंदिर में सातवें वार्षिक महोत्सव का आयोजन भव्य रूप से किया जा रहा है।

चार दिवसीय इस महोत्सव के तीसरे दिन शुक्रवार को भी अष्टयाम, भगैत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहा। बाबा खाकी महाराज की पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। आकर्षक रोशनी और सजावट से पूरा आयोजन स्थल जगमगा रहा है।

भक्ति गीतों, कीर्तन और सुमधुर संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। दूर-दराज से पहुंचीं विभिन्न कीर्तन मंडलियों की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में इलाके की प्रसिद्ध नर्तकी मंडली ने 'हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे' महामंत्र की धुन पर मनमोहक प्रस्तुति दी। इस दौरान मौजूद श्रद्धालु भक्ति और संगीत के रंग में सराबोर नजर आए।

आयोजन समिति के सदस्य सुमन कुमार ने बताया कि बाबा खाकी महाराज की स्थापना के समय से ही इस महोत्सव को वार्षिक उत्सव के रूप में मनाया जाता रहा है। सातवें वार्षिक महोत्सव का आयोजन भी इस वर्ष उमंग और उत्साह के साथ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात 48 घंटे के अष्टयाम एवं अखंड जाप का समापन होगा।

महोत्सव के चौथे और अंतिम दिन शनिवार को भगैत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें सुपौल के प्रसिद्ध कलाकार श्याम पंजियार एवं उनकी टीम द्वारा आकर्षक प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ चार दिवसीय महोत्सव का विधिवत समापन होगा।

महोत्सव को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य बबलू चौधरी, पप्पू यादव, मो. सजीर, बलराम सिंह, सरोज यादव, पवन भगत, जयकृष्ण यादव, कुंदन पासवान, लखन शर्मा सहित बस पड़ाव के कर्मी, व्यवसायी और युवा पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र