बेटिकट यात्रा करने वाले 150 यात्री मजिस्टेट जांच में पकड़ाया,वसूला गया जुर्माने की राशि
अररिया 21 नवम्बर(हि.स.)।
फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर शनिवार को अचानक बेटिकट यात्रा करने वाले यात्रियों की जांच अभियान से हड़कंप मच गया।इस दौरान 150 बेटिकट यात्री पकड़े गए,जिनसे रेल प्रशासन ने जुर्माने की राशि की वसूल की।मजिस्ट्रेट गौरव कुमार के नेतृत्व में बेटिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया।
छात्राओं, महिलाओं और पुरुषों सहित बिना उचित टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई हुई।मौके पर बड़ी संख्या में आरपीएफ और जीआरपी के जवानों के साथ महिला पुलिसकर्मी अभियान के दौरान तैनात किए गए।पकड़े गए यात्रियों से पांच सौ रुपये से लेकर हजार रुपये तक जुर्माना वसूला गया।
जानकारी के अनुसार, रेलवे प्रशासन की टीम ने अचानक जांच अभियान शुरू किया। टीम को स्टेशन पर देखते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। जांच के दौरान प्रत्येक यात्री के टिकट की बारीकी से जांच की गई। जिन यात्रियों के पास वैध यात्रा टिकट नहीं था अथवा जो निर्धारित श्रेणी के अनुरूप टिकट लिए बिना यात्रा कर रहे थे, उन्हें रोककर रेलवे के नियमानुसार कार्रवाई की गई। कई यात्रियों को मौके पर ही जुर्माना भरना पड़ा।
इस विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। अभियान में करीब एक दर्जन राजकीय रेल पुलिस के जवान, एक दर्जन रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी एवं जवान तथा महिला पुलिस कांस्टेबल और अन्य सुरक्षाकर्मी शामिल थे।महिला यात्रियों की जांच के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी, ताकि जांच की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी की जा सके।
अभियान के दौरान स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के साथ प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों के टिकटों की भी जांच की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में बेचैनी देखी गई। वहीं, रेलवे की इस सख्ती को देखकर अन्य यात्रियों ने भी अपने टिकट और यात्रा संबंधी दस्तावेज संभालने शुरू कर दिए।
फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई के माध्यम से रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि बिना उचित टिकट यात्रा करना यात्रियों को महंगा पड़ सकता है। आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान जारी रहने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

