मगध जाने के दौरान रेल हादसे में किसान की मौत
सुपौल, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के कोसली पट्टी वार्ड संख्या-18 निवासी महादेव शर्मा की शनिवार को रेल दुर्घटना में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। मृतक के बड़े पुत्र राजकुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार को वह अपने पिता को रेलवे स्टेशन तक छोड़ने गए थे। स्टेशन पहुंचने के बाद वह वापस घर लौट आए। उन्हें इस बात का बिल्कुल अंदेशा नहीं था कि कुछ ही देर बाद उनके पिता के साथ इतना बड़ा हादसा हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि अगले दिन पिपरा थाना के चौकीदार द्वारा घर आकर सूचना दी गई कि उनके पिता का शव सदर अस्पताल, सुपौल में पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है।
चौकीदार ने बताया कि मृतक के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान की गई और उसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। मृतक की पत्नी शांति देवी ने बताया कि उनके पति धान रोपनी के मौसम में हर वर्ष मजदूरी करने के लिए मगध क्षेत्र जाया करते थे। इस बार भी वह रोजगार के सिलसिले में ट्रेन से मगध जाने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही रेल दुर्घटना का शिकार हो गए।
उन्होंने कहा कि परिवार को इस तरह की घटना की कभी कल्पना भी नहीं थी। पति की मौत के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि महादेव शर्मा मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी असामयिक मौत से परिवार के सामने आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजन को सौंप दिया। परिजन पूरे गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। घटना को लेकर ग्रामीणों ने शोक व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस रेल दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा ट्रेन की चपेट में आने से हुआ है, हालांकि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच जारी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। मृतक की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है। प्रशासन आगे की कार्रवाई में लगी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

