home page

दो दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ, डीएम ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

 | 
दो दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ, डीएम ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह


मधेपुरा, 30 मई (हि.स.)। जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का उद्घाटन शनिवार को जिलाधिकारी अभिषेक रंजन, उप विकास आयुक्त अनिल बसाक, अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार एवं उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा सुश्री आम्रपाली कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह के पश्चात जिलाधिकारी अभिषेक रंजन एवं उप विकास आयुक्त अनिल बसाक ने बैडमिंटन कोर्ट पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने कहा कि मधेपुरा में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मंच और उचित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल से भी खिलाड़ियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बैडमिंटन संघ को विशेष प्रयास करने होंगे।

कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक अरुण कुमार ने किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में जिले भर से करीब 40 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि मधेपुरा में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं और इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करती हैं।

दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिससे जिले में खेल संस्कृति को और अधिक मजबूती मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar