home page

मशीन उपलब्ध, जगह के अभाव में शुरू नहीं हो सकी ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन सुविधा

 | 
मशीन उपलब्ध, जगह के अभाव में शुरू नहीं हो सकी ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन सुविधा


किशनगंज, 30 अगस्त (हि.स.)। सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में मरीजों को ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन की सुविधा मिलने की उम्मीद फिलहाल पूरी नहीं हो सकी है। ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर की महंगी मशीनें ब्लड बैंक में उपलब्ध होने के बावजूद अब तक उनका संचालन शुरू नहीं हो पाया है।

मशीन स्थापित करने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं होना इसकी प्रमुख वजह बताई जा रही है। सदर अस्पताल के ब्लड बैंक के लिए अलग-अलग कंपनियों की कंपोनेंट सेपरेटर मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। 18 मार्च 2026 से मई 2026 तक मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद इन्हें ब्लड बैंक में पहुंचाया गया था। मशीन आने के बाद मरीजों को स्थानीय स्तर पर प्लेटलेट, आरबीसी और प्लाज्मा जैसे रक्त घटक उपलब्ध होने की उम्मीद जगी थी। हालांकि, वर्तमान ब्लड बैंक में मशीन स्थापित करने और उसके संचालन के लिए आवश्यक जगह नहीं होने के कारण अब तक सेवा शुरू नहीं हो सकी है। ऐसे में ब्लड बैंक में रखी महंगी मशीन फिलहाल धूल फांक रही है।

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनवर हुसैन ने बताया कि ब्लड बैंक को कंपोनेंट सेपरेटर मशीन उपलब्ध हो चुकी है। मशीन स्थापित करने के लिए करीब 1500 वर्गफीट जगह की आवश्यकता है।

जल्द ही बिहार राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी की टीम किशनगंज ब्लड बैंक का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मशीन को जल्द चालू कराने का प्रयास किया जाएगा। कंपोनेंट ब्लड सेपरेटर मशीन की मदद से एक यूनिट रक्त को अलग-अलग घटकों में विभाजित किया जा सकता है। सामान्यतः इससे प्लेटलेट, आरबीसी और प्लाज्मा अलग किए जाते हैं। मरीज की बीमारी और आवश्यकता के अनुसार संबंधित रक्त घटक चढ़ाया जा सकता है।

प्लेटलेट की कमी वाले मरीज को प्लेटलेट, खून की कमी वाले मरीज को आरबीसी और आवश्यकता होने पर प्लाज्मा उपलब्ध कराया जा सकता है। इससे एक यूनिट रक्त का अधिक प्रभावी उपयोग संभव होगा और मरीजों को संबंधित घटक के लिए बाहर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह