नेशनल मेडिकल आर्गेनाइजेशन ने निकाली मां जानकी सेवा शिविर यात्रा
अररिया 11 अप्रैल(हि.स.)। नेशनल मेडिकल आर्गेनाइजेशन की ओर से शनिवार को मां जानकी सेवा शिविर यात्रा निकाली गई। जिसके तहत जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस सेवा यात्रा का संचालन सीमा जागरण मंच एवं विद्या भारती के सहयोग से किया गया।
स्थानीय विद्या मंदिर प्रांगण से चिकित्सकों के दल को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक सच्चिदानंद मेहता एवं प्रधानाचार्य आशुतोष कुमार मिश्र द्वारा हरी झंडी दिखाकर विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
आईजीआईएमएस के चिकित्सक डॉ. बृजेन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 एवं 12 अप्रैल को पूरे देश में लगभग 15 सौ स्थानों पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें करीब 7 हजार चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसी क्रम में जिले के कुआड़ी, सिकटी बाजार, कुर्साकांटा, कबीर टोला, सुंदरी मठ, बेला, बसमतिया बबुआन सहित कई सीमावर्ती क्षेत्रों में शिविर लगाए गए।
शिविरों में सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष मरीजों ने स्वास्थ्य जांच कराई तथा निःशुल्क दवाएं प्राप्त कीं। चिकित्सकों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक पहुंचाना है।
डॉ. गौतम एवं जिला के एएनएमओ कोऑर्डिनेटर सोनल सुशांत ने बताया कि रविवार को फारबिसगंज स्थित श्री रानी सरस्वती विद्या मंदिर प्रांगण में एक मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा व्यापक जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग सेवा प्रमुख डॉ.मनोज कुमार सीमा जागरण मंच के राजीव कुमार उदय ठाकुर, संजीव कुमार, प्रताप नारायण मंडल, राजेंद्र यादव शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य रामनरेश सिंह सहित कई सामाजिक संगठनों एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

