home page

किशनगंज में एलपीजी गैस की कमी की अफवाह बेबुनियाद, 9685 से अधिक सिलेंडर उपलब्ध

 | 
किशनगंज में एलपीजी गैस की कमी की अफवाह बेबुनियाद, 9685 से अधिक सिलेंडर उपलब्ध


किशनगंज, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की जानकारी दी है। बुधवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

वर्तमान में जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर का स्टॉक 9,685 से अधिक उपलब्ध है। डीएम ने बताया कि गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था भी नियमित रूप से चालू है, जिससे उपभोक्ताओं को एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है। लाभुक घर से ही बुकिंग कर सकते हैं और उन्हें पूर्व की तरह दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा सके।

जिला प्रशासन ने कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए धावा दल द्वारा नियमित छापेमारी किए जाने की भी जानकारी दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित हो रहा है।

कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06456-225152 जारी किया गया है। प्रशासन के अनुसार, एलपीजी गैस से संबंधित आज कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी समस्या की स्थिति में कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह