home page

सुपौल में एलपीजी गैस आपूर्ति सामान्य, अफवाहों से बढ़ी मांग पर प्रशासन सतर्क

 | 
सुपौल में एलपीजी गैस आपूर्ति सामान्य, अफवाहों से बढ़ी मांग पर प्रशासन सतर्क


सुपौल, 17 मार्च (हि.स.)। जिले में घरेलू LPG गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिले में इंडेन, एचपी और भारत गैस की कुल 51 एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से लगभग 5,10,823 उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। गैस कंपनियों द्वारा प्रतिदिन करीब 5900 सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है, जिसे बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा रहा है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं में अचानक मांग बढ़ गई है, जिससे कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से स्टॉक प्रभावित हुआ है। हालांकि अधिकारियों के अनुसार यह स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाती है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

जिला प्रशासन द्वारा प्रखंड स्तर पर एलपीजी सिलेंडरों के उठाव एवं वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है। अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में राघोपुर प्रखंड के एक गोदाम में गड़बड़ी मिलने पर उसे सील कर दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

प्रतिवेदन के अनुसार जिले की 51 गैस एजेंसियों में से 42 एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जबकि शेष 9 एजेंसियों पर भी शाम तक आपूर्ति पहुंचने की संभावना है। वर्तमान स्टॉक और बॉटलिंग प्लांट से मिल रही आपूर्ति के आधार पर जिले में किसी प्रकार के गैस संकट की संभावना नहीं है।

जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर की खरीद न करें। साथ ही, गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में गैस आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र