छपरा में सगाई के बाद प्रेमी युगल ने थाने पहुंच शादी के लिए पुलिस से लगाई गुहार
सारण, 15 मई (हि.स.)। शहर के नगर थाना में उस वक्त एक अनोखा नजारा देखने को मिला जब बीती रात्री एक प्रेमी युगल ने खुद थाने पहुंचकर अपनी शादी कराने की गुहार लगाई।
मामला प्रेम प्रसंग और सगाई के बाद विवाह में हो रही देरी से जुड़ा था। जानकारी के अनुसार मांझी के ताजपुर निवासी बीरेंद्र महतो की पुत्री सुलेखा कुमारी और कटहरीबाग निवासी शम्भू कुमार के पुत्र सन्नी कुमार की सगाई छह माह पूर्व दौलतगंज स्थित धर्मनाथ धनी मंदिर में हुई थी।
सगाई के बाद से ही दोनों लगातार संपर्क में थे और एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला कर चुके थे। हालांकि विवाह में विलंब होता देख सुलेखा पुलिस लाइन स्थित गायत्री मंदिर पहुंची और सन्नी को फोन कर बुलाया। इसके बाद दोनों सीधे नगर थाना पहुंचे और पुलिस से मदद मांगी।
पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर सन्नी के माता-पिता और सुलेखा की बहन ललित देवी भी थाने पहुँचीं। प्रेमी युगल द्वारा इस वक्त शादी करने की जिद पर अड़े रहने के बाद परिजनों की उपस्थिति और सहमति के बाद पंकज सिनेमा रोड स्थित दुर्गा मंदिर में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। सन्नी के पिता शम्भू कुमार ने खुशी-खुशी सुलेखा को अपनी बहू के रूप में स्वीकार कर लिया। इस विवाह की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

