home page

हरनौत में किराना दुकान में लगी आग से 7–8 लाख का सामान जलकर राख; दुकानदार ने प्रशासन से मांगा मुआवजा

 | 
हरनौत में किराना दुकान में लगी आग से 7–8 लाख का सामान जलकर राख; दुकानदार ने प्रशासन से मांगा मुआवजा


नालंदा, बिहारशरीफ 19 मार्च (हि.स.)।नालन्दा जिला के हरनौत थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेशन रोड स्थित एक किराना दुकान में गुरुवार की सुबह भीषण आग लगने से लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर खाक हो गया। आग की इस लपटों में करीब 7 से 8 लाख रुपये की संपत्ति की क्षति का प्रारंभिक अनुमान लगाया जा रहा है।

घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने जिला प्रशासन से उचित मुआवजे की गुहार लगाई है।पीड़ित दुकानदार मुन्नू साव उर्फ श्याम बालक साव ने बताया कि वे हर रोज की तरह बुधवार की देर शाम दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। देर रात करीब दो बजे पड़ोसियों ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि दुकान से आग की लपटें निकल रही हैं। जब तक वे मौके पर पहुँचे, आग पूरी तरह विकराल रूप धारण कर चुकी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए और आसपास के घरों के समरसेबल मोटर पंप चलाकर अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश शुरू की।आग इतनी भीषण थी कि बंद दुकान का शटर धधक रहा था और पूरा मकान अत्यधिक गर्म हो गया था। दुकान के ऊपर स्थित पतंजलि स्टोर के संचालक रौशन कुमार ने बताया कि नीचे से उठ रही लपटों के कारण छत इतनी गर्म हो गई थी कि कमरे में धुआं भर गया, जिसके चलते उन्हें रात में ही आनन-फानन में अपना सामान सुरक्षित स्थान पर हटाना पड़ा।सूचना मिलने के बाद हरनौत थाना पुलिस और बिहारशरीफ से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।वहीं, इस दौरान स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग के प्रति नाराजगी भी जाहिर की। लोगों का आरोप है कि दमकल वाहन में तकनीकी खराबी के कारण आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू करने में देरी हुई, जिससे नुकसान का दायरा बढ़ गया है।घटना की पुष्टि करते हुए अग्निशमन पदाधिकारी अमरजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुँची और आग पर नियंत्रण पा लिया गया। उन्होंने दुकानदारों से अपील की है कि वे दुकान बंद करते समय बिजली के मुख्य स्विच को ऑफ जरूर करें, ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी संभावित घटनाओं से बचा जा सके। आवेदन प्राप्त हुआ मामलें की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे