धूमधाम से मनाई भगवान महावीर जयंती, निकली भव्य शोभायात्रा
भागलपुर, 31 मार्च (हि.स.)। भागलपुर में जैन समाज द्वारा मंगलवार को भगवान महावीर जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर शहर में एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें जैन समुदाय के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा की शुरुआत स्टेशन चौक स्थित जैन मंदिर से हुई। इसके बाद यह यात्रा स्टेशन चौक, दवाई पट्टी, कोतवाली चौक, महादेव टॉकीज, खलीफाबाग चौक, सुजागंज बाजार और वेरायटी चौक से होते हुए पुनः स्टेशन चौक स्थित मंदिर प्रांगण पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा में भगवान महावीर की आकर्षक झांकी, बैंड-बाजे और धार्मिक ध्वजों के साथ लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और पुष्प वर्षा कर उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने भगवान महावीर के बताए अहिंसा, सत्य और करुणा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। महावीर जयंती के इस आयोजन ने पूरे शहर को धार्मिक और आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

