home page

भागलपुर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को लेकर सांसद ने उठाया प्रश्न

 | 
भागलपुर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को लेकर सांसद ने उठाया प्रश्न


भागलपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद ने संसद में प्रश्न संख्या 6295 के माध्यम से कोसी नदी पर तटबंधों के निर्माण, उसके प्राकृतिक प्रवाह पर प्रभाव तथा भागलपुर सहित निचले क्षेत्रों में संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया।

इस संबंध में जल शक्ति राज्य मंत्री ने संसद में उत्तर देते हुए बताया कि बाढ़ प्रबंधन एवं कटाव-रोधी योजनाएं संबंधित राज्य सरकारों द्वारा उनकी प्राथमिकताओं के अनुसार तैयार एवं लागू की जाती हैं, जबकि केंद्र सरकार तकनीकी मार्गदर्शन एवं वित्तीय सहयोग प्रदान करती है। बिहार सरकार के अनुसार, कोसी नदी के अनियंत्रित प्रवाह एवं दिशा परिवर्तन को रोकने के लिए कोसी बैराज तथा दोनों किनारों पर तटबंधों का निर्माण किया गया है। बैराज के निर्माण के बाद नदी के जल प्रवाह को नियंत्रित किया जा रहा है तथा अतिरिक्त जल को डाउनस्ट्रीम दिशा में प्रवाहित किया जाता है। महत्वपूर्ण रूप से यह भी बताया गया कि पिछले पांच वर्षों में कोसी नदी के किनारे बसे क्षेत्रों, जिनमें भागलपुर लोकसभा क्षेत्र भी शामिल है, में तटबंधों या बैराज के कारण कोई गंभीर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है। साथ ही, केंद्र सरकार के स्तर पर बाढ़ से फसल, भूमि एवं जानमाल को हुए नुकसान का समेकित आंकड़ा नहीं रखा जाता है।

सांसद ने कहा कि वे भागलपुर क्षेत्र के हितों की रक्षा एवं बाढ़ जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और भविष्य में भी इस मुद्दे को प्राथमिकता के साथ उठाते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर