home page

बक्सर में 'सतत खुश रहने का विज्ञान' पुस्तक का हुआ लोकार्पण, आनंदपूर्ण जीवन का दिया संदेश

 | 
बक्सर में 'सतत खुश रहने का विज्ञान' पुस्तक का हुआ लोकार्पण, आनंदपूर्ण जीवन का दिया संदेश


बक्सर, 26 जुलाई (हि.स.)। रेड क्रॉस सोसाइटी भवन, बक्सर में लेखक भरत प्रसाद द्वारा लिखित तीसरी पुस्तक 'सतत खुश रहने का विज्ञान' का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों एवं बुद्धिजीवियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

समारोह की अध्यक्षता भारतीय रेलवे सेवा के 1998 बैच के वरिष्ठ अधिकारी अवधेश कुमार ने की। कार्यक्रम का संचालन ट्रिनिटी स्कूल के संस्थापक धीरज पांडे ने किया। वक्ताओं ने पुस्तक को वर्तमान समय में सकारात्मक सोच और मानसिक संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक उपयोगी प्रयास बताया।

लेखक भरत प्रसाद ने कहा कि यह पुस्तक आनंदपूर्ण एवं सकारात्मक जीवन जीने की एक मार्गदर्शिका है। इसमें जीवन के प्रत्येक पड़ाव पर खुश रहने के व्यावहारिक उपायों का सरल भाषा में वर्णन किया गया है। उनका दावा है कि इस पुस्तक का अध्ययन करने के बाद पाठक सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाकर अधिक आनंदमय जीवन जीने का मार्ग समझ सकेंगे।

इस अवसर पर नेत्री वर्षा पांडे, डॉ. महेंद्र प्रसाद, ब्यूरो चीफ जितेंद्र मिश्रा, डॉ. वेद प्रकाश राय, रविंद्र सिंह, सरोज सिंह, संजीव ओझा, प्रदीप कुमार ओझा, टी एन चौबे, गणेश उपाध्याय, धनु लाल प्रेमातुर, सुरेंद्र सिंह

सहित लगभग 30 वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने पुस्तक की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए लेखक के प्रयास की सराहना की। समारोह का समापन पुस्तक के संदेश को समाज तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन कॉन्वेंट स्कूल के निदेशक धीरज पांडे के द्वारा किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra