home page

9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित ट्रैफिक चालान वालों के लिए राहत की खबर

 | 
9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित ट्रैफिक चालान वालों के लिए राहत की खबर


अररिया,07 मई(हि.स.)। जिला प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के संयुक्त तत्वावधान में 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित किया जाएगा।जिसमें लंबे समय से लंबित ट्रैफिक चालान और भारी जुर्माने के कारण भुगतान नहीं कर पाने वालों के लिए राहत भरी खबर है। बिहार सरकार के परिवहन विभाग द्वारा लागू एकमुश्त यातायात चालान निपटान योजना के तहत आगामी 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में पुराने लंबित ई-चालानों का निष्पादन रियायती दरों पर किया जाएगा।जहां वाहन स्वामी अपने लंबित ट्रैफिक चालानों का सरल, त्वरित एवं सुविधाजनक तरीके से निष्पादन करा सकेंगे।

जानकारी के अनुसार वैसे ट्रैफिक ई-चालान, जो 90 दिनों से अधिक समय से लंबित हैं और जिनकी शमन राशि अब तक जमा नहीं की गई है, उन्हें इस योजना के अंतर्गत शामिल किया गया है। ऐसे मामलों में परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित शमन राशि में अधिकतम 50 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जाएगी। इससे आम लोगों को भारी जुर्माने से राहत मिलेगी तथा पुराने लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन भी संभव हो सकेगा।

परिवहन विभाग द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि कई बार वाहन स्वामी जानकारी के अभाव, अधिक जुर्माना राशि या लंबी प्रक्रिया के कारण अपने चालानों का समय पर निष्पादन नहीं करा पाते हैं। ऐसे में चालान की राशि लगातार लंबित रहती है और बाद में परेशानी का कारण बनती है। इसी समस्या के समाधान के लिए बिहार सरकार ने यह विशेष योजना लागू की है ताकि आम नागरिक कम राशि में अपने लंबित चालानों का निपटारा करा सकें।

राष्ट्रीय लोक अदालत में वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए विशेष काउंटर लगाए जाएंगे। यहां ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भुगतान की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा वाहन मालिकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहायता भी प्रदान की जाएगी ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने लंबित ट्रैफिक चालानों की जानकारी पहले से प्राप्त कर लें और निर्धारित तिथि को आवश्यक दस्तावेजों के साथ लोक अदालत में उपस्थित हों। इससे मौके पर ही चालान का निष्पादन आसानी से कराया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर