603 करोड़ की लागत से बन रहा लोहिया मेडिकल कॉलेज , फरवरी 2027 तक पूरा होने की उम्मीद
सुपौल, 15 मई (हि.स.)। जिले के स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक ढांचे को नई दिशा देने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना लोहिया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दीनापट्टी के निर्माण कार्यों का शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने परियोजना स्थल पर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दोपहर करीब 12:30 बजे उप मुख्यमंत्री परियोजना स्थल पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। इसमें कॉलेज ब्लॉक, अस्पताल ब्लॉक, छात्रावास ब्लॉक तथा आवासीय भवनों में चल रहे निर्माण कार्य शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना की प्रशासनिक स्वीकृत राशि लगभग 603 करोड़ रुपये है। वर्तमान में निर्माण कार्य करीब 50 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है और फरवरी 2027 तक संपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने की संभावना जताई गई है। उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, उपयोग में लाई जा रही सामग्री, भवन संरचना की मजबूती तथा परियोजना की प्रगति के संबंध में साइट इंजीनियरों और तकनीकी टीम से विस्तारवपूर्वक जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य तय मानकों के अनुरूप ही पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी को यह भी निर्देश दिया कि कार्य की गति को और तेज किया जाए ताकि निर्धारित समय के भीतर परियोजना को जनता को समर्पित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल सुपौल बल्कि पूरे कोसी क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ा परिवर्तन साबित होगी। इस मौके पर जिलाधिकारी सावन कुमार भी उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद निर्माण एजेंसी और प्रशासनिक अधिकारियों में भी परियोजना को समय पर पूरा करने को लेकर सक्रियता बढ़ गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले महीनों में निर्माण कार्य और तेज गति से आगे बढ़ेगा तथा फरवरी 2027 तक यह बहुप्रतीक्षित परियोजना आम लोगों के लिए तैयार हो जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

