home page

78 साल बाद भी नहीं बनी सड़क, ग्रामीणों ने फिर उठाई आवाज

 | 
78 साल बाद भी नहीं बनी सड़क, ग्रामीणों ने फिर उठाई आवाज


सुपौल, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के मरौना प्रखंड के सिमराहा चौक से मधुबनी जिले के मैनही गांव को जोड़ने वाली सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के दशकों बाद भी इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग का निर्माण नहीं हो सका है। सड़क की हालत इतनी खराब है कि दोपहिया वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ और जलजमाव के कारण आवागमन लगभग ठप हो जाता है। इससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, स्कूली बच्चों के आने-जाने तथा किसानों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली का असर आसपास के कई गांवों के लोगों के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में अन्य सड़कों का निर्माण हुआ, लेकिन इस मार्ग की लगातार उपेक्षा की गई। सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण पहले भी रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा दे चुके हैं और सड़क बनने तक राजनीतिक दलों के नेताओं के गांव में प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया था।

ग्रामीणों का आरोप है कि लोकसभा चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों ने सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं हुई। उनका यह भी कहना है कि विभागीय अधिकारियों द्वारा हर बार टेंडर प्रक्रिया का हवाला देकर मामला टाल दिया जाता है।ग्रामीण महेंद्र सिंह, गोपाली सिंह, छोटू सिंह सहित अन्य लोगों ने सरकार और जिला प्रशासन से अविलंब सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्य शुरू नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र