home page

पानी निकासी नहीं होने पर ग्रामीणों ने काटी सड़क, आरडब्ल्यूडी की लापरवाही उजागर

 | 
पानी निकासी नहीं होने पर ग्रामीणों ने काटी सड़क, आरडब्ल्यूडी की लापरवाही उजागर


सुपौल, 20 जुलाई (हि.स.)। प्रखंड के ग्वालपाड़ा पंचायत में रतनसार पथ से पश्चिम छातापुर महादलित बस्ती को जोड़ने वाली मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत बनी पक्की सड़क को ग्रामीणों ने काट दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी के लिए कल्वर्ट नहीं बनाया गया, जिससे बारिश और बाढ़ का पानी नदी में जाने के बजाय बस्ती और खेतों में फैलने लगा। लगातार जलजमाव से परेशान लोगों ने पानी का दबाव कम करने के लिए सड़क काट दी।

ग्रामीणों के इस कदम से ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की व्यवस्था करना आवश्यक होता है, लेकिन कल्वर्ट नहीं बनाए जाने से यह स्थिति उत्पन्न हुई। सड़क टूटने से अब सैकड़ों लोगों का आवागमन बाधित हो गया है और सरकारी राशि की भी क्षति हुई है।

रविवार अपराह्न सड़क टूटने की सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी रविराज कुमार राजस्व कर्मचारी अमित रंजन के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुखिया प्रतिनिधि प्रकाश साह, पंचायत समिति सदस्य विजय सरदार, वार्ड सदस्य दिलीप मेहता सहित अन्य ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद अंचलाधिकारी ने पूरे मामले से त्रिवेणीगंज एसडीएम को अवगत कराया।सूचना मिलते ही ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल त्रिवेणीगंज तथा जल निस्सरण प्रमंडल राघोपुर के अभियंता मौके पर पहुंचे। देर शाम एसडीएम अभिषेक कुमार ने भी स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अभियंताओं को टूटे हुए हिस्से की शीघ्र मरम्मत कर आवागमन बहाल करने का निर्देश दिया।

सोमवार को जल निस्सरण विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रभाकर रंजन ने भी स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।इधर, आरडब्ल्यूडी के अभियंताओं ने सड़क की मरम्मत की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बिलैनिया नदी तटबंध के बाहर स्थित इस सड़क से वार्ड संख्या 10 और 11 के सैकड़ों लोग राम-लक्ष्मण चौक तक आवागमन करते हैं। सड़क टूटने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। त्रिवेणीगंज के एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि सड़क टूटने की सूचना मिलते ही स्थल का निरीक्षण कराया गया है। संबंधित विभाग के अभियंताओं को तत्काल मरम्मत कार्य कर आवागमन जल्द से जल्द बहाल करने का निर्देश दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र