home page

चोरी की नीयत से घर में घुसे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा

 | 
चोरी की नीयत से घर में घुसे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा


सुपौल, 13 सितंबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के रामनगर पंचायत के वार्ड नंबर-1 में देर रात चोरी का प्रयास कर रहे एक युवक को ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने डायल-112 पुलिस को सूचना देकर युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस युवक को पिपरा थाना ले जाकर पूछताछ कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार की रात करीब दो बजे रामनगर वार्ड नंबर-1 निवासी चंदन कुमार शाह के घर में कुछ युवक कथित रूप से चोरी की नीयत से पहुंचे थे। इसकी भनक आसपास के लोगों को लग गई। इसके बाद ग्रामीणों ने सतर्कता बरतते हुए घात लगाकर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके साथ मौजूद चार अन्य युवक मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को अपने कब्जे में लेकर डायल-112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पिपरा थाना पहुंचाया। बताया जा रहा है कि पकड़े गए युवक का ससुराल भी रामनगर गांव में ही है।

फिलहाल पिपरा पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। घटना में उसकी भूमिका और उसके साथ अन्य लोगों के शामिल होने की बात जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

इस संबंध में पिपरा के प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि डायल-112 पुलिस द्वारा लाए गए युवक से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र