बचपन की पाठशाला से आगे की उड़ान, डीएम ने 5 नन्हे बच्चों को किया प्रोत्साहित
कटिहार, 20 अप्रैल (हि.स.)। आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रारंभिक स्कूल पूर्व शिक्षा पूरी करने वाले जिले के 5 बच्चों को सोमवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने विद्यारंभ प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। प्रमाणपत्र पाने वाले बच्चों से डीएम ने मृदुल संवाद भी किया और आगे की पढ़ाई व खेलकूद को लेकर जानकारी ली।
डीएम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कटिहार सदर के 3 और कटिहार ग्रामीण क्षेत्र के 2 बच्चों को प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। डीएम ने बच्चों से उनकी पढ़ाई और खेलकूद के बारे में पूछा। उन्होंने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में दाखिला लेकर पढ़ाई और खेलकूद समेत विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर सफल होने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा पूरी होने के बाद बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। ऐसे बच्चे भविष्य में अपने क्षेत्र और समाज का नाम विभिन्न क्षेत्रों में शीर्ष पर ले जाते हैं और समाज के विकास को संपूर्ण करते हैं। उन्होंने बच्चों से आंगनबाड़ी केंद्रों में सीखी गई पढ़ाई और खेलकूद की जानकारी भी ली।
आईसीडीएस डीपीओ कुमारी पूर्णिमा ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविकाओं के माध्यम से बच्चों को स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ प्रारंभिक शिक्षा दी जाती है। इससे बच्चों की रुचियों को चिह्नित कर उस क्षेत्र में विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए उन्हें नियमित रूप से नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजें।
कार्यक्रम में आईसीडीएस डीपीओ कुमारी पूर्णिमा, कटिहार सदर सीडीपीओ नीलम कुमारी, कटिहार ग्रामीण सीडीपीओ माधवी रानी, जिला समन्वयक अनमोल गुप्ता, महिला पर्यवेक्षिका और बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

