नन्हे फरिश्ते अभियान के तहत आरपीएफ ने दो नाबालिग बच्चों को बचाया
कटिहार, 31 मार्च (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मंगलवार को अवध असम एक्सप्रेस से 36 बोतल अवैध शराब बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 7,920 रूपये है। यह शराब एक ट्रॉली बैग में छिपाकर सीट के नीचे रखी गई थी। आरपीएफ ने इस संबंध में रेल थाना कटिहार में मामला दर्ज कराया है, जिसमें धारा 30(ए) बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
आरपीएफ के अनुसार यह कार्रवाई विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार और उनकी टीम ने ट्रेन की सघन जांच की। इस दौरान लावारिस पड़े ट्रॉली बैग की जांच करने पर उसमें से अवैध शराब बरामद हुई। आरपीएफ ने बताया कि इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जांच जारी है।
आरपीएफ ने 'नन्हे फरिश्ते' अभियान के तहत दो नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया, जो प्लेटफॉर्म पर कचरा इकट्ठा कर रहे थे। बच्चों को सुरक्षित अवस्था में चाइल्डलाइन, कटिहार को सौंप दिया गया है, जहां उनकी देखभाल की जा रही है। आरपीएफ के एसआई मुक्ति शील ने बताया कि बच्चों को पुनर्वास के लिए उचित कार्रवाई की जा रही है।
आरपीएफ ईस्ट पोस्ट कटिहार में नए पोस्ट कमांडर विक्रम कुमार ने पदभार ग्रहण किया है। वे पूर्व में कटिहार में सीआईबी इंस्पेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और एक अनुभवी व कार्यकुशल अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। उनके आगमन से आरपीएफ की कार्यप्रणाली में और अधिक सुदृढ़ता आने की उम्मीद जताई जा रही है।
इंस्पेक्टर विक्रम कुमार ने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षित यात्रा और रेल की संपत्ति की सुरक्षा करना है। उन्होंने कहा कि आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस के निर्देशानुसार अपराध नियंत्रण की दिशा में लगातार रेलमंडल में संघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

