home page

1740 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

 | 
1740 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार


कटिहार, 21 जुलाई (हि.स.)। जिले की मुफस्सिल थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वैन से 1740 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है, जो बंगाल से यह खेप लेकर आ रहा था।

मुफस्सिल थाना पुलिस के अनुसार, सोमवार (20 जुलाई) की रात मुफस्सिल थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पिकअप पर बंगाल की ओर से अवैध शराब की बड़ी खेप लेकर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष ने अपनी पुलिस टीम के साथ मनिया पुल के पास घेराबंदी की।

मनिया पुल के पास चेकिंग के दौरान, पुलिस बल को देखकर एक पिकअप सवार व्यक्ति तेजी से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़ कर पकड़ लिया। जब पिकअप की विधिवत तलाशी ली गई, तो उसमें भारी मात्रा में शराब लदी हुई पाई गई।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान 52 वर्षीय राम कुमार राय के रूप में हुई है। वह समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तीरा गांव का रहने वाला है (पिता- बिन्देश्वर राय)। पुलिस ने मौके से शराब की पूरी खेप (1740 लीटर) के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस ने इस संबंध में कांड दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह