नेपाली तस्कर के पास से 33 बोतल शराब बरामद, कुआड़ी पुलिस ने की कार्रवाई
अररिया 13 सितम्बर(हि.स.)। कुर्साकांटा की कुआड़ी थाना पुलिस ने शनिवार शाम गुप्त सूचना के आधार पर कुआड़ी बाजार से नेपाल से शराब का खेप के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया।
जानकारी देते थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि शराब के खेप की डिलीवरी होने वाली है। सुचना के सत्यापन को लेकर पुलिस टीम को कुआड़ी बाजार में लगाया गया।
जिसमें एक व्यक्ति सिकटी थाना क्षेत्र से सटे नेपाल के ढीठोरा कॉलोनी वार्ड संख्या 14 निवासी बादल कुमार पिता अरुण पासवान को 33 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार करने में सफलता मिली। गिरफ्तार तस्कर शराब को डिलीवरी के लिए पहुंचा था, इसी क्रम में पुलिस के द्वारा दबोच लिया गया।
मामले को लेकर कुआड़ी थाना पुलिस के द्वारा कांड दर्ज किया गया है और पुलिस ने तस्कर द्वारा पूछताछ में बताए गए शख्स की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

