मोतिहारी जहरीली शराब कांड के दो मास्टरमाइंड ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण
पूर्वी चंपारण,06 अप्रैल (हि.स.)।जिले तुरकौलिया व रघुनाथपुर क्षेत्र में हुई जहरीली शराब कांड में अब तक हुई नौ लोगो मौत के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। इस कांड के दो मास्टरमाइंड कन्हैया यादव और सुनील साह ने पुलिस के बढ़ते दबाव के बाद सोमवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। आत्मसमर्पण की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी दिलीप कुमार और नगर थानाध्यक्ष ने दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ शुरू कर दी है।उल्लेखनीय है,कि जहरीली शराब पीने से अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है,जबकि दर्जन भर लोग इलाजरत हैं। जिसमे अब भी कई लोगो की हालत नाजुक बनी हुई है। वही सोमवार को भी कुछ नये मरीज सामने आये है,जिनका इलाज चल रहा है।
इस कांड के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित एसआईटी लगातार छापेमारी में जुटी है। विशेष जांच टीम ने जांच के दौरान यह खुलासा किया था,कि जहरीली शराब की खेप पीपराकोठी के कन्हैया यादव द्वारा मंगाई गई थी। जिससे सुनील साह ने लेकर खलीफा, संजीत साह, रंजीत राय और जम्बू बैंठा सहित अन्य को सप्लाई किया था। ऐसे में दोनो के सरेंडर करने से पुलिस की जांच की गति में तेजी आयेगी।फिलहाल पुलिस दोनो से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है,कि जहरीली शराब की खेप कहां से मंगाई? गई,इसकी कितनी मात्रा में सप्लाई कहां-कहां की गई? इसके पीछे मुख्य सप्लायर कौन हैं और इस पूरे अवैध कारोबार में किन-किन लोगों की संलिप्तता है?ताकि हर कड़ी को जोड़ कर इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि इन आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर जल्द ही इस जहरीली शराब कांड के पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जाएगा। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

