home page

ईसी रेलवे के डीआरएम सोनपुर को विधायक ने लिखा पत्र

 | 
ईसी रेलवे के डीआरएम सोनपुर को विधायक ने लिखा पत्र


भागलपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)।पूर्व मध्य रेलवे (पूमरे) के सोनपुर डीआरएम को बिहपुर विस के भाजपा विधायक ईं.शैलेंद्र ने पत्र प्रेषित किया है। जिसमें थाना बिहपुर में बंद रेलवे माल गोदाम को चालू कराने की मांग किया गया है।

पत्र में बताया गया है कि बिहपुर स्टेशन पर लाइन नंबर छह को मालगाड़ी लाइन के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं माल गोदाम के विकास के लिए सर्वेक्षण प्रगति पर है। इसके अलावा ईस्ट सेंट्रल रेलवे रेट सर्कुलर संख्या 67/2025 के अनुसार लाइन संख्या छह को इंजीनियरिंग ब्लास्ट इनवर्ड/आउटवर्ड साइडिंग के लिए खोल दिया गया है।

विधायक ईं शैलेंद्र को स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि बिहपुर मालगोदाम अभी भी बंद है। इस मौके पर भाजपा नेता सह समाजसेवी उत्तम कुमार, प्रो गौतम, प्रभुनंदन चौधरी आदि भी मौजूद थे। मालगोदाम क्षेत्र में कोई सफाई, मरम्मत या निर्माण कार्य नहीं किया गया है। रेलवे लाइन संख्या छह और मालगोदाम क्षेत्र की हालत बेहद खराब है। शंटिंग नेक पर भी काम अभी तक शुरू नहीं हुआ है।

टेंडर प्रक्रिया (अनुबंध संख्या एसइइ 25-26-207,समापन तिथि नौ फरवरी 2026) पूरी होने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ है। जिससे विकास गतिविधियों में देरी हो रही है। विधायक ईं शैलेंद्र ने पत्र में डीआरएम को यह भी बताया है कि इससे पहले आपके कार्यालय ने आश्वासन दिया था कि लाइन नंबर छह को इंजीनियरिंग साइडिंग (ब्लास्ट इनवर्ड/आउटवर्ड) के रूप में चालू व वहां एक मालगोदाम विकसित किया जाएगा। यह भी कहा गया था कि यात्रियों के लिए सुविधाएं (जैसे कि फुटओवर ब्रिज का निर्माण) 31 मार्च तक पूरी हो जाएंगी।

हालांकि अभी तक कोई खास प्रगति देखने को नहीं मिली है। ईं शैलेंद्र ने बताया है कि बिहपुर क्षेत्र मक्का, आम और लीची बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए जाना जाता है। इन कृषि उत्पादों के परिवहन को सुगम बनाने के लिए एक सुसज्जित गोदाम की तत्काल आवश्यकता है। मई के पहले सप्ताह से लोडिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए ताकि किसानों और व्यापारियों को इसका लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर