home page

डीआईजी को लिखा पत्र, न्याय की लगाई गुहार

 | 
डीआईजी को लिखा पत्र, न्याय की लगाई गुहार


भागलपुर, 30 मार्च (हि.स.)। जिले में परबत्ता थाना क्षेत्र से जमीन विवाद को लेकर दोहरी हत्या का एक मामला सामने आया है। गरैया गांव की रहने वाली सोनी देवी पति: स्वर्गीय रंजीत यादव ने सोमवार को पुलिस उप महानिरीक्षक भागलपुर को पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उनके अनुसार, 2 जनवरी 2026 को परबत्ता थाना कांड संख्या 02/2026 के तहत नामित सभी अभियुक्तों ने उनके पति रंजीत यादव की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। सोनी देवी ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं थी। इससे पहले वर्ष 2024 में दर्ज कांड संख्या 176/2024 में भी उन्हीं आरोपियों ने उनके पति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया था, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे।

पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने नवगछिया के आरक्षी अधीक्षक और अन्य पुलिस अधिकारियों को आवेदन दिया, लेकिन अब तक पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर उचित जांच तक नहीं की है। इतना ही नहीं, अभियुक्त खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि इस केस से हमारा कुछ नहीं बिगड़ेगा, केस हमारे कब्जे में है।

सोनी देवी का कहना है कि आरोपियों ने उनके घर आकर 10 दिनों के भीतर केस वापस लेने की धमकी दी है, अन्यथा उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की बात कही है। डर के कारण सोनी देवी अपने परिवार के साथ लगातार जगह बदल-बदलकर छिपकर रहने को मजबूर हैं। उन्होंने डीआईजी से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है, ताकि उनके परिवार की जान बचाई जा सके। इस मामले की प्रतिलिपि नवगछिया के एसपी, एएसपी और एसडीपीओ को भी भेजी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर