‘एक दिया, विधिक सेवा के नाम’ कार्यक्रम से निःशुल्क कानूनी सहायता का संदेश
दरभंगा, 09 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर गरीब, कमजोर एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रति जागरूक किया गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार के अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा के निर्देश तथा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी के मार्गदर्शन में न्यायालय परिसर स्थित एडीआर भवन में मुख्य समारोह आयोजित हुआ। इसमें ‘एक दिया, विधिक सेवा के नाम’ विषय पर कार्यशाला सह विधिक जागरूकता कार्यक्रम हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लीगल ऐड डिफेंस चीफ प्रकाश स्वरूप सिन्हा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 9 नवंबर को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1995 में विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 लागू हुआ था। इसका उद्देश्य समाज के गरीब, कमजोर एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के साथ उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ रंगोली के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद विधिक जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें पैनल अधिवक्ताओं, पारा विधिक स्वयंसेवकों एवं प्राधिकार के कर्मियों ने भाग लिया।
इसी क्रम में मंडल कारा दरभंगा में लीगल ऐड डिफेंस के सदस्य पिंकु कुमार यादव एवं अंकुर प्रिया ने बंदियों को निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी। वहीं, उपकारा बेनीपुर में पैनल अधिवक्ता विनोद कुमार मिश्र एवं विनय कुमार झा ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराया।
दूसरी ओर, डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान के तहत केवटी प्रखंड में पीएलवी निलांबर मिश्र एवं प्रीति कुमारी, बेनीपुर में अनिल पासवान एवं सीमा कुमारी तथा कुशेश्वरस्थान में रामनाथ यादव एवं रानी कुमारी ने घर-घर जाकर लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता और उनके अधिकारों की जानकारी दी। अभियान के माध्यम से आम लोगों तक यह संदेश पहुंचाया गया कि आर्थिक कमजोरी किसी को न्याय पाने के अधिकार से वंचित नहीं कर सकती।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

