home page

दहेज प्रथा उन्मूलन और महिलाओं के अधिकारों पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

 | 
दहेज प्रथा उन्मूलन और महिलाओं के अधिकारों पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित


कटिहार, 07 नवंबर (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कटिहार के तत्वावधान में शनिवार को जिला पंचायती राज संसाधन केंद्र के सभागार में एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार के अध्यक्ष रणवीर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दहेज प्रथा के विरुद्ध चेतना जगाना, महिलाओं के अधिकारों की जानकारी देना, लैंगिक समानता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति आमजन को जागरूक करना था।

समारोह के मुख्य अतिथि सह प्राधिकार के सचिव कमलेश सिंह देऊ ने अपने संबोधन में कहा कि कानून और न्याय की पहुंच समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से इन विधिक प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की। सचिव ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सलाह, मुफ्त सरकारी वकील, पीड़ित प्रतिकर योजना का लाभ और आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के जरिए मामलों के त्वरित निपटारे की सुविधा दी जाती है।

मुख्य वक्ता सह मुख्य न्याय रक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव ने दहेज प्रथा को एक गंभीर सामाजिक कुरीति बताते हुए कहा कि इसके कारण महिलाओं को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती है। उन्होंने विवाह को धन के लेन-देन के बजाय एक पवित्र रिश्ता समझने, दहेज प्रथा प्रतिषेध अधिनियम 1961 का पालन करने और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने पर बल दिया। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 15 का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि लिंग के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव प्रतिबंधित है तथा बेटा-बेटी दोनों को शिक्षा और सम्मान के समान अवसर मिलने चाहिए।

कार्यक्रम में महिलाओं के गरिमापूर्ण जीवन, समान काम के लिए समान वेतन, घरेलू हिंसा से बचाव, कार्यस्थल पर सुरक्षा, संपत्ति में अधिकार और मातृत्व लाभ जैसे विधिक अधिकारों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही आपातकालीन स्थितियों में मदद के लिए नालसा हेल्पलाइन 15100, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सेवा नंबर 112 की जानकारी दी गई, जहां सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखकर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

यह कार्यक्रम सर्वोच्च न्यायालय की क्रिमिनल अपील संख्या 132-133/2017 (उत्तर प्रदेश सरकार बनाम अजमल बेग एवं अन्य) में पारित आदेश के अनुपालन में आयोजित हुआ। शिविर में एडीपीआरओ, प्राणपुर सहित प्रखंडों के प्रमुख, मुखिया, सरपंच, ग्राम कचहरी सचिव, न्याय मित्र, डीएलएसए के प्रधान लिपिक आशीष कुमार झा, सिंटू कुमार, लिपिक मो. शाहनवाज आलम तथा पारा विधिक स्वयंसेवक पवन कुमार व अविनाश कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह