home page

कटिहार सदर अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य और विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

 | 
कटिहार सदर अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य और विधिक जागरूकता शिविर आयोजित


कटिहार, 09 अगस्त (हि.स.)। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के निर्देशानुसार और जिला विधिक सेवा प्राधिकार कटिहार के सचिव के आदेशानुसार रविवार को सदर अस्पताल के सभागार में एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य मानसिक रूप से अस्वस्थ और बौद्धिक अक्षमता वाले व्यक्तियों के कानूनी अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

शिविर के दौरान नालसा की मानसिक रोग और बौद्धिक अक्षमता वाले व्यक्तियों को विधिक सेवाएं योजना, 2024 तथा स्थाई लोक अदालत के कार्यों और उससे मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रतिनियुक्त पैनल अधिवक्ता धनंजय कुमार झा ने मानसिक रूप से दिव्यांग और विकलांग व्यक्तियों के संरक्षण, विकास तथा मेंटेनेंस से जुड़े अधिनियमों के महत्व को विस्तार से समझाया और उनके हितों के प्रति लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान सदर अस्पताल के डीएस शंभू चौधरी ने इस प्रकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ अंतिम व्यक्ति और पंचायत तक पहुंचाने की बात कही। इसके साथ ही, पारा विधिक स्वयंसेवक (अधिकार मित्र) पवन कुमार ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार कटिहार से मिलने वाली मुफ्त कानूनी सलाह, मुफ्त वकील की सुविधा, पीड़ित प्रतिकर योजना और आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की विस्तृत जानकारी दी और इसके लाभ बताए।

इस आयोजन में डीसीएम डॉ. किशले कुमार, डॉ. अश्विनी कुमार, फिजिशियन डॉ. एके देव, डॉ. सुलोचना कुमारी, डॉ. सुशांत कुमार, डॉ. एसपी बिनकर, क्लिनिकल फिजियोलॉजिस्ट डॉ. प्रणभ कुमार, लिपिक साकेत कुमार और कोसी क्षेत्रीय विकलांग विधवा वृद्ध जन कल्याण समिति कटिहार के सचिव शिव शंकर रमानी सहित कई नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। इस संपूर्ण शिविर के सफल संचालन में पारा विधिक स्वयंसेवक पवन कुमार की भूमिका अत्यंत अहम और सराहनीय रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह