home page

विभागीय कार्यों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं, लंबित मामलों के निष्पादन में लाएं तेजी : डॉ. प्रमोद कुमार

 | 
विभागीय कार्यों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं, लंबित मामलों के निष्पादन में लाएं तेजी : डॉ. प्रमोद कुमार


पटना, 16 मई (हि.स.)। खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में आज सभी जिलों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा के दौरान मंत्री ने मासिक राजस्व लक्ष्य में पिछड़े जिलों को विशेष रूप से मेहनत करने एवं राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि विभागीय कार्यों में शिथिलता बर्दाश्त नहीं, लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाए।

डॉ प्रमोद ने कहा कि राजस्व की दृष्टि से यह विभाग अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी जिलों को लंबित मामलों के निष्पादन के लिए गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।

बैठक में यह निर्देश दिया गया कि जिन बालूघाटों को पर्यावरणीय स्वीकृति (ईसी) प्राप्त हो चुकी है, लेकिन भुगतान लंबित है, उन मामलों में संबंधित जिलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। साथ ही ईसी से संबंधित बैठकों को गंभीरता से लेने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

मंत्री ने टीओआर के लिए आवेदन नहीं किए गए मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। पत्थर भूखंडों की समीक्षा के दौरान संबंधित जिलों को निर्देश दिया गया कि समय पर जिला सर्वेक्षण रिपोर्ट तैयार कराकर नीलामी प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए।

अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई की समीक्षा करते हुए मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्रवाई में ढिलाई बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। साथ ही कंट्रोल रूम से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी