home page

किरकिचिया पंचायत में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, ग्रामीणों को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी

 | 
किरकिचिया पंचायत में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, ग्रामीणों को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी


अररिया 23 नवम्बर(हि.स.)। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से फारबिसगंज के किरकिचिया पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता अनिल पांड्या ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। जागरूकता के अभाव में कई लोग अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने नए कानूनों, कानूनी अधिकारों, झूठे मुकदमों से बचने के उपायों तथा किसी भी विवाद की स्थिति में समय पर कानूनी सलाह लेने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

शिविर में नालसा की नशा जागरूकता एवं कल्याण योजना के तहत नशे के दुष्परिणामों, नशामुक्ति, महिलाओं के कानूनी अधिकारों, मानव-वन्यजीव संघर्ष, स्थायी लोक अदालत आदि के संबंध में जानकारी दी गई। अधिवक्ता ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्रता के आधार पर निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए लोगों को न्यायालयों के चक्कर लगाने से पहले विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करना चाहिए।

उन्होंने लोक अदालत एवं मध्यस्थता की उपयोगिता बताते हुए कहा कि आपसी सहमति से कई विवादों का कम समय में समाधान संभव है। इससे लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया और अनावश्यक खर्च से राहत मिल सकती है।

इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं, जिन पर उन्हें उचित कानूनी मार्गदर्शन दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर