home page

विक्रमशिला सेतु पर बना पहला बेली ब्रिज, अब दूसरे की लॉन्चिंग शुरू, जून से दौड़ेंगे छोटे वाहन

 | 
विक्रमशिला सेतु पर बना पहला बेली ब्रिज, अब दूसरे की लॉन्चिंग शुरू, जून से दौड़ेंगे छोटे वाहन


भागलपुर, 25 मई (हि.स.)। भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु पर यातायात सुचारु करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बीआरओ की टीम ने सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर बेली ब्रिज बनाकर तैयार कर दिया है, अब दूसरे स्पैन पर बेली ब्रिज की लॉन्चिंग का काम शुरू हो गया है।

नवगछिया की ओर से दूसरे क्षतिग्रस्त हिस्से पर 12 मीटर लंबे स्पैन पर 18 मीटर लंबा बेली ब्रिज लॉन्च करने का काम शुरू कर दिया है। वहीं भागलपुर की ओर से 24 मीटर वाले स्पैन पर तीसरा बेली ब्रिज भी लगाया जाएगा। इसके बाद वन वे परिचालन शुरू होगा।

बीआरओ और जिला प्रशासन की तैयारी के अनुसार 5 जून से छोटे वाहनों का परिचालन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से के अलावा दो अन्य स्पैन पर भी बेली ब्रिज का निर्माण कार्य किया जाएगा, क्षतिग्रस्त हिस्से के दोनों साइड एक-एक स्पैन पर बेली ब्रिज बनाने की तैयारी चल रही है, क्योंकि स्पैन हटाने में काफी समय और परेशानी हो रही थी। इसलिए पहले वहां बेली ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया।

पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद बीआरओ, आईआईटी पटना समेत अन्य टीमों ने अपने सर्वे में पाया था कि दोनों ओर बॉटम कॉर्ड में खराबी आ गई है, जिससे पता चला कि विक्रमशिला सेतु का लाइफलाइन एक-एक स्पैन कमजोर हो गया है। इसलिए पथ निर्माण विभाग के सचिव ने बैठक में दोनों स्पैन पर एक-एक बेली ब्रिज बनाने का निर्णय लिया और अब इसका काम तेज गति से चल रहा है।

प्रशासन का कहना है कि पहले चरण में छोटे वाहनों को अनुमति दी जाएगी, जबकि भारी वाहनों के परिचालन पर रोक जारी रहेगी। बेली ब्रिज पर वन वे गाड़ियों का परिचालन होगा। एक छोटे वाहन जब ब्रिज से गुजर जाएंगे तभी दूसरे को चढ़ने की अनुमति दी जाएगी, स्थानीय लोगों और यात्रियों को उम्मीद है कि बेली ब्रिज के चालू होने के बाद भागलपुर और आसपास के जिलों के बीच आवागमन थोड़ा सुगम और तेज हो जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर