छात्रों पर लाठीचार्ज दुर्भाग्यपूर्ण, बिना शर्त रिहा करे सरकार: डॉ. चक्रपाणि हिमांशु
भागलपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री समकक्ष) डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने पटना में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और वाटर कैनन के प्रयोग को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने सरकार से गिरफ्तार छात्रों को अविलंब बिना शर्त रिहा करने और घायल छात्रों के समुचित इलाज की मांग की है।
डॉ. हिमांशु ने कहा कि छात्र हाथ में तिरंगा लेकर अपनी जायज मांगों के लिए मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन पर बल प्रयोग किया गया, जो निंदनीय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि केवल घोषणाएं करने के बजाय शिक्षित युवाओं के लिए तत्काल बहाली निकालकर उन्हें नौकरी दी जाए। सरकार को कोई भी फैसला लेने से पहले ठोस नीति बनानी चाहिए ताकि बिहार के छात्रों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके। डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने सरकार को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए और राज्य में बेहतर शैक्षिक माहौल तैयार करना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

