home page

'अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ, कोताही बर्दाश्त नहीं': डीएम

 | 
'अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ, कोताही बर्दाश्त नहीं': डीएम


कटिहार, 08 सितंबर (हि.स.)। जमीनी स्तर पर प्रशासनिक तंत्र को सक्रिय करने और पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कटिहार जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समन्वय समिति की जिला स्तरीय बैठक पंचायत सरकार भवन, भवाड़ा के सभागार में आयोजित की गई। उच्च स्तरीय जिला बैठक को पंचायत स्तर पर ले जाने की इस अभिनव पहल से जहां ग्रामीण क्षेत्र में प्रशासनिक पारदर्शिता और जागरूकता बढ़ेगी, वहीं पंचायत सरकार भवनों के समुचित उपयोग व रखरखाव में भी सुधार होगा। जिलाधिकारी के इस नवाचार की प्रशासनिक और जन हलकों में व्यापक सराहना की जा रही है।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तय समय सीमा के भीतर निष्पादित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना अनिवार्य है और दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल-जीवन-हरियाली तथा सात निश्चय योजना की प्रगति का जायजा लिया गया और लक्ष्य से पीछे चल रहे प्रखंडों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया।

राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन और अतिक्रमण वादों का त्वरित निस्तारण करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने सरकारी योजनाओं के लिए भू-अर्जन का कार्य तेज करने और जिले के सभी विद्यालयों की भूमि का अनिवार्य रूप से दाखिल-खारिज कराने पर बल दिया। स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के क्रम में अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, एएनएम की शत-प्रतिशत उपस्थिति, विद्यालयों में शिक्षकों की समयबद्ध उपस्थिति और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण कार्य में तेजी लाने और सभी विभागों को आपसी समन्वय से विकास कार्यों को गति देने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार स्थलीय भ्रमण कर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की हिदायत दी। बैठक में अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित थे, जबकि सभी प्रखंडों के बीडीओ व सीओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह