भूमिहीन परिवारों को मिला पांच डिसमिल जमीन का मालिकाना हक, विधायक ने सौंपा पर्चा
पश्चिम चम्पारण (बगहा),6नवम्बर(हि.स.)। दिवाली के अवसर पर वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के भूमिहीन परिवारों को पांच-पांच डिसमिल जमीन का मालिकाना हक मिला है। विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने लाभुकों को जमीन का पर्चा सौंपा। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। भूमिहीनों को जमीन का अधिकार दिलाना उनके सामाजिक सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा विषय है।
इसी क्रम में रामनगर विधानसभा क्षेत्र के अग्निकांड से प्रभावित 25 महादलित परिवारों को भी जमीन उपलब्ध कराने की पहल की गई है। इन परिवारों के घर आग लगने से जलकर राख हो गए थे। विधायक ने बगहा की एसडीएम चांदनी कुमारी से बातचीत कर पीड़ितों के पुनर्वास का मामला उठाया।
एसडीएम चांदनी कुमारी ने आश्वासन दिया कि एक महीने के भीतर सभी 25 परिवारों को जमीन उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन आवंटित होने से पहले किसी भी पीड़ित परिवार को उनके वर्तमान आश्रय स्थल से विस्थापित नहीं किया जाएगा।इस पहल से अग्निपीड़ित परिवारों को स्थायी आवास और सुरक्षित भविष्य की उम्मीद जगी है।
हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

