जमीन विवाद, आनंद मार्ग स्कूल खोलने की तैयारी में, दूसरे पक्ष ने जताया विरोध
भागलपुर, 29 मार्च (हि.स.)। जिले के बरारी थाना क्षेत्र के खंजरपुर जागृति चौक स्थित आनंद मार्ग प्रचारक संघ को श्यामा देवी द्वारा एक कट्ठा जमीन दान में दिए जाने का मामला अब विवाद का रूप लेता दिख रहा है।
आनंद मार्ग के कार्यकर्ता उक्त जमीन पर किड्स प्ले स्कूल और प्राथमिक विद्यालय खोलने की योजना को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरे पक्ष के राजीव कुमार सिंह ने इस जमीन पर अपना दावा ठोकते हुए कहा कि यह जमीन उनके परिवार की है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि पहले जमीन की नापी कराई जाए, अगर जमीन उनकी नहीं निकली तो वे स्वयं उसे छोड़ देंगे। राजीव कुमार सिंह ने यह भी बताया कि फिलहाल अमीनों की हड़ताल चल रही है, जिसके कारण नापी में देरी हो रही है।
हड़ताल समाप्त होने के बाद जमीन की मापी कराई जाएगी और उसी के आधार पर तय होगा कि जमीन का वास्तविक मालिक कौन है। इधर रविवार को जैसे ही आनंद मार्ग के लोग जमीन खाली कराने और स्कूल खोलने की बात करने पहुंचे, माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पुलिस प्रशासन भी पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। अब देखने वाली बात यह होगी कि नापी के बाद इस जमीन की असली हकीकत क्या सामने आती है और आखिरकार यहां स्कूल बन पाता है या नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

