फरियादियों से खचाखच भरा अंचल कार्यालय, जनता दरबार में प्रशासन ने दिखाया एक्शन
बेतिया, 16 मई (हि.स.)। अपनी जमीन, दाखिल-खारिज और सीमांकन विवादों के समाधान की आस लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में लोग अंचल कार्यालय पहुंचे। जनता दरबार शुरू होते ही परिसर फरियादियों की भीड़ से भर गया। दरोगा यादव, गोरख चौधरी, गायत्री देवी, इंद्रभान राव, पंकज सिंह, विश्वनाथ महतो, संभल यासमीन, भारत शाह, रामबचन समेत कई लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
अंचल अधिकारी नीतेश कुमार सेठ की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में कुल 16 मामलों की सुनवाई हुई। इनमें 10 नए और 6 पुराने मामले शामिल थे। प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए 6 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया, जबकि 3 मामलों में संबंधित कर्मियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया। शेष मामलों में जांच नोटिस जारी कर अगली प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया गया।
अंचल अधिकारी नीतेश कुमार सेठ ने कहा, “भूमि विवादों में आपसी सहमति और पारदर्शिता सबसे जरूरी है, इससे लोगों को जल्दी न्याय मिल सकता है।” वहीं नवनिर्गत थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने कहा, “लोग समय पर जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराएं ताकि मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जा सके।” मौके पर राजस्व अधिकारी राहुल कुमार अग्रवाल, बड़ा बाबू बृजेश कुमार, विवेक कुमार समेत अंचल कार्यालय के कई कर्मी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

