home page

जमीन विवाद में मारपीट, चार लोग घायल

 | 
जमीन विवाद में मारपीट, चार लोग घायल


भागलपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। जिले के झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरियो गांव में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प में घायल उदय पासवान (पिता स्वर्गीय बेचू पासवान) समेत कुल चार लोगों को गुरुवार को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि यह विवाद लंबे समय से चला आ रहा है और वर्ष 2009 से न्यायालय में टाइटल सूट लंबित है, बावजूद इसके विपक्षी पक्ष द्वारा लगातार विवादित जमीन पर कब्जे की कोशिश की जा रही है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि कुछ लोग जबरन उदय पासवान की पैतृक जमीन पर पहुंचे और वहां खंभा-खूंटी गाड़कर काम शुरू करने लगे। जब उदय पासवान ने इसका विरोध किया, तो लगभग 6 से 7 लोगों ने मिलकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान उदय पासवान सहित चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया गया, लेकिन तब तक घायलों को गंभीर चोटें आ चुकी थीं। घटना के बाद सभी घायल झंडापुर थाना पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें तत्काल इलाज कराने की सलाह दी।

आरोप है कि थाना द्वारा किसी प्रकार का इंजरी रिपोर्ट या प्राथमिक कागजी कार्रवाई नहीं की गई और सीधे अस्पताल जाने को कहा गया। इससे पीड़ित पक्ष में नाराजगी देखी जा रही है। वर्तमान में सभी घायलों का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है। जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि जब मामला पहले से ही न्यायालय में लंबित है, तब भी विपक्षी पक्ष द्वारा कानून को हाथ में लेकर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है, जो बेहद गंभीर विषय है। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर