जमीन और रास्ते के विवाद में मारपीट, चार घायल; दो आरोपित गिरफ्तार
दरभंगा, 04 सितंबर (हि.स.)।
दरभंगा जिला अंतर्गत अलीनगर थाना क्षेत्र के किरतपुर (गोस्वा) गांव में जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में चार लोग घायल हो गए। मामले में अलीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राम उदगार चौपाल और राम अवतार चौपाल के रूप में हुई है।
घटना को लेकर गांव निवासी सुरेश चौपाल की पत्नी राम रेखा देवी ने अलीनगर थाना में आवेदन देकर छह लोगों पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार, जमीन की नापी के बाद रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। 12 अगस्त 2026 की रात करीब नौ बजे बारिश का पानी जमीन पर बहने को लेकर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि कहासुनी के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी, फरसा और रॉड से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान नरेश चौपाल के सिर पर फरसा से प्रहार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट में शुभकला देवी, आरती देवी और कंचन देवी समेत चार लोग घायल हुए। आवेदन में कंचन देवी के करीब छह माह के बच्चे को भी चोट लगने की बात कही गई है।
घायलों को इलाज के लिए अलीनगर पीएचसी लाया गया। नरेश चौपाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद अलीनगर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा के नेतृत्व में सहायक अवर निरीक्षक हरे राम और पुलिस बल ने कार्रवाई करते हुए राम उदगार चौपाल और राम अवतार चौपाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

