home page

कानून अपना काम करती है कानून के हाथ लंबे होते हैं, कोई नहीं बचता: संजय सरावगी

 | 

पटना, 25 मार्च (हि.स.)। दिल्ली हाई कोर्ट के राजद अध्यक्ष और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के लैंड-फॉर-जॉब्स मामले में सीबीआई की एफआईआर को रद्द करने की याचिका खारिज किए जाने के फैसले को लेकर बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि कानून के हाथ काफी लंबे होते हैं।

उन्होंने कोर्ट के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि कानून अपना काम करती है।

संजय सरावगी ने कहा कि जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है, उस पर कानून अपना काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अदालत को 'कुछ' लगा होगा तब ही यह फैसला लिया है। जो भ्रष्टाचार करेगा, घोटाला करेगा, तो कोर्ट उचित फैसला लेती है।

उन्होंने कहा कि कानून इस देश का सबसे बड़ा है, इसलिए जिन लोगों ने घोटाला किया है, भ्रष्टाचार किया है, निश्चित रूप से कानून उस तक पहुंचेगा।

उन्होंने कहा कि लालू यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री और केंद्र में रेल मंत्री रहते जो किया है, वह सबके सामने है। ऐसे में वे कानून की पकड़ में हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के 15 साल के 'जंगलराज' में बिहार में और भी बहुत सारे घोटाले हुए, जिसके कारण हजारों करोड़ रुपये लालू परिवार के पास गए, जिससे बिहार का विकास बाधित हुआ। लालू यादव जब रेल मंत्री बने तब वहां भी घोटाले हुए, जिससे बिहार बहुत बदनाम भी हुआ है।

उन्होने कहा कि अगर भ्रष्टाचार हुआ है, जनता के पैसों की लूट हुई है तो सजा तो भुगतना ही पड़ेगा। इससे पहले भी भ्रष्टाचार को लेकर लालू यादव को सजा मिल चुकी है।

उन्होंने कहा कि मुझे तो लगता है कि यह पूरा परिवार घोटाला करने और अकूत संपत्ति बनाने को लेकर ही राजनीति करता रहा है। लालू यादव जहां भी रहे, सरकारी खजाने को लूटकर अपनी संपत्ति बनाई है। इससे पहले भी लालू यादव चारा घोटाले में सजा पा चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त