home page

काम के दौरान करंट की चपेट में आए मजदूर की मौत

 | 
काम के दौरान करंट की चपेट में आए मजदूर की मौत


सुपौल, 30 सितंबर (हि.स.)। जिले के ललितग्राम थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनियां पंचायत स्थित महादेवपट्टी वार्ड नंबर-3 में बुधवार को काम करने के दौरान बिजली करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक मधुबनी वार्ड नंबर-9 निवासी बबलू शर्मा के पुत्र चंदन शर्मा है। घटना के बाद परिजन में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, चंदन शर्मा महादेवपट्टी वार्ड नंबर-3 निवासी मो. आजाद के घर में काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए प्रतापगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सीएचसी में तैनात डॉ. सज्जाद ने बताया कि युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। ललितग्राम थानाध्यक्ष अंजली कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की मौत बिजली करंट लगने से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रही है।

बताया गया कि चंदन शर्मा की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। उसकी दो माह की एक बच्ची भी है। कम उम्र में पिता की मौत से मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं, पत्नी और परिवार के सामने भी जीवन-यापन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र