कुनौली में पौधरोपण की नई यूनिट का शुभारंभ, पौधों की 100 प्रतिशत उत्तरजीविता पर जोर
सुपौल, 12 अगस्त (हि.स.)। विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम के तहत बुधवार को निर्मली प्रखंड के कुनौली में पौधरोपण की नई यूनिट का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने पौधारोपण कर किया।
उद्घाटन के बाद उप विकास आयुक्त ने योजना से जुड़े स्थानीय लाभुकों से संवाद कर रोजगार उपलब्धता, समय पर मानदेय भुगतान और योजना से मिलने वाले प्रत्यक्ष लाभों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देना भी है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने लगाए जा रहे पौधों की उत्तरजीविता की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की 100 प्रतिशत उत्तरजीविता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए नियमित सिंचाई, खाद और पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने स्थानीय लोगों में पौधरोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पौधों से होने वाले आर्थिक, पर्यावरणीय और सामाजिक लाभों की जानकारी व्यापक स्तर पर देने को कहा। इस दौरान उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायत के पंचायत रोजगार सेवक से पंचायत में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार जानकारी भी ली।
समीक्षा के क्रम में इंद्रवीर कुमार ने पंचायत कर्मियों को प्रखंड में लक्षित कुल 12 पौधरोपण यूनिटों का कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। वर्तमान में छह यूनिटों पर ही कार्य होने पर उन्होंने असंतोष जताते हुए शेष छह यूनिटों का कार्य लक्ष्य के अनुरूप शीघ्र पूरा कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक बार किया जाने वाला कार्य नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को संरक्षित कर उन्हें स्वस्थ वृक्ष के रूप में विकसित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी संबंधित कर्मी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

