कुआं पुल पर छोटे वाहनों का परिचालन अविलंब शुरू करे सरकार: डॉ. चक्रपाणि
भागलपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)।
बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने मुख्यमंत्री को ईमेल और स्पीड पोस्ट भेजकर कहलगांव अनुमंडल मुख्यालय स्थित कुआं पुल पर छोटे वाहनों का परिचालन अविलंब शुरू करने की मांग की है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित यह महत्वपूर्ण पुल गत 2 अगस्त से पूरी तरह बंद है, जिससे क्षेत्र की जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। डॉ. हिमांशु ने सरकार का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए जल्द से जल्द राहत देने का आग्रह किया है।
पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि कुआं पुल भागलपुर से कहलगांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का हिस्सा है। इसके बंद होने से भागलपुर जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क भंग हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली छात्रों, गंभीर मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को हो रही है।
लोगों को 15 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय का नुकसान तो हो ही रहा है, साथ ही ईंधन पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पुल को दोबारा चालू कराने की मांग को लेकर कहलगांव जिला पार्षद जनार्दन प्रसाद आजाद के नेतृत्व में स्थानीय जनता पिछले 5 दिनों से कुआं पुल के पास ही आमरण अनशन और आंदोलन कर रही है।
क्षेत्र के लोगों में इस व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश है। डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने सरकार से जनता की जायज मांगों को देखते हुए जनहित में तुरंत सकारात्मक कदम उठाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

