home page

पुराने कुएं से मिला युवक का शव

 | 
पुराने कुएं से मिला युवक का शव


बक्सर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। मुफस्सिल थाना के चौसा में विश्वकर्मा मंदिर के पास स्थित एक पुराने कुएं से गुरुवार को एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह जैसे ही कुएं में शव होने की जानकारी लोगों को मिली, आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। जांच के दौरान मृतक की पहचान नरबतपुर गांव निवासी खोभारी राम के 42 वर्षीय पुत्र संजय राम के रूप में की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, आशंका है कि संजय राम रात के समय लघुशंका के लिए उस ओर गया होगा और असंतुलन के कारण खुले कुएं में गिर गया होगा। कुआं एकांत स्थान पर स्थित होने के कारण रात में किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। गुरुवार सुबह पत्थर की पटिया बेचने वाले एक व्यक्ति ने कुएं में शव देखा, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।

ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार शाम क्षेत्र में रविदास प्रतिमा का विसर्जन हुआ था, जिसमें संजय राम के शामिल होने की भी बात कही जा रही है। अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा