home page

कृषि विज्ञान केंद्र बक्सर में किसान मित्र समूह को समेकित पोषक तत्व प्रबंधन की दी गई जानकारी

 | 
कृषि विज्ञान केंद्र बक्सर में किसान मित्र समूह को समेकित पोषक तत्व प्रबंधन की दी गई जानकारी


बक्सर, 14 अगस्त (हि.स.)। कृषि विज्ञान केंद्र, बक्सर एवं इफको के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को किसान मित्र समूह के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मिट्टी में पोषक तत्वों की उपयोग क्षमता बढ़ाने, फसल उत्पादन में वृद्धि करने, रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग को कम करने तथा टिकाऊ मृदा स्वास्थ्य के प्रति किसानों को जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ इफको के सहायक क्षेत्र प्रबंधक एवं मुख्य अतिथि राजीव लोचन, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक सह प्रमुख डॉ. देवकरन एवं प्रगतिशील किसानों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डॉ. देवकरन ने धान में समेकित पोषक तत्व प्रबंधन की जानकारी देते हुए रासायनिक उर्वरकों के साथ गोबर खाद, वर्मी कंपोस्ट और हरी खाद के प्रयोग पर जोर दिया।

राजीव लोचन ने इफको के नैनो यूरिया, नैनो डीएपी एवं नैनो जिंक सहित विभिन्न उत्पादों की तकनीकी जानकारी दी। क्षेत्र पदाधिकारी दीपक कुमार ने सागरिका, एनपीके कंसोर्टिया, बायो डिकम्पोजर व पोटेशियम सल्फर के उपयोग की जानकारी दी। प्रक्षेत्र प्रबंधक आरीफ प्रवेज ने धान में कीट-व्याधि प्रबंधन के उपाय बताए।

कार्यक्रम में 50 से अधिक महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया। किसानों को उन्नत सब्जी बीज तथा इफको की उर्वरक किट भी उपलब्ध कराई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra