home page

राघोपुर में बिहार दिवस पर कबड्डी प्रतियोगिता, शिवाजी टीम ने मारी बाजी

 | 
राघोपुर में बिहार दिवस पर कबड्डी प्रतियोगिता, शिवाजी टीम ने मारी बाजी


सुपौल, 22 मार्च (हि.स.)। बिहार दिवस के अवसर पर क्रीड़ा भारती, सुपौल जिला के तत्वावधान में 22 मार्च को मनोहर क्रीड़ा केन्द्र द्वारा के एन इंटर कॉलेज, राघोपुर के मैदान में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने भाग लिया और खेल के प्रति युवाओं का उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांत मंत्री अमित ठाकुर, प्रांत क्रीड़ा केन्द्र प्रमुख रामावतार मेहता एवं विभाग संयोजक प्रदीप मेहता द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर अमित ठाकुर ने खिलाड़ियों को बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि क्रीड़ा भारती ने वर्ष 2026 को कबड्डी खेल के विशेष अभियान के रूप में लिया है, जिसके तहत खिलाड़ियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। टीम के साथ-साथ कोच एवं मैनेजर का भी पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक टीमों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करना होगा।

प्रांत क्रीड़ा केन्द्र प्रमुख रामावतार मेहता ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता का आयोजन ग्रामीण स्तर से शुरू होकर पंचायत, प्रखंड, अनुमंडल और जिला स्तर तक किया जाएगा, जिसमें विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुपौल सहित प्रांत के सभी 22 जिलों में आगामी 2 अप्रैल को क्रीड़ा भारती स्थापना दिवस सह हनुमान जन्मोत्सव से कबड्डी प्रतियोगिता का व्यापक आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि कबड्डी खेल का प्रदर्शन वर्ष 1926 के ओलंपिक में किया गया था और वर्ष 2026 इसके शताब्दी वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी के तहत पूरे देश में कबड्डी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

सह विभाग संयोजक डॉ. संजय सिंह ने बताया कि सुपौल जिले के विभिन्न क्रीड़ा केंद्रों—वसंतपुर, भगवानपुर, सरायगढ़ भपटीयाही, राघोपुर, सिमराही, करजाइन, सुपौल नगर परिषद सहित कुल 14 स्थानों से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्राप्त हुए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित है।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में शिवाजी टीम ने कप्तान धीरेन्द्र कुमार के शानदार प्रदर्शन के दम पर महाराणा प्रताप टीम को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की।

प्रतियोगिता में प्रांत क्रीड़ा केन्द्र सह प्रमुख मुकुल दास एवं अमरजीत कुमार ने रेफरी की भूमिका निभाई।

इस अवसर पर सुभाष यादव, बालमुकुंद अग्रवाल, संजय कुमार, रवि कुमार यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन क्रीड़ा भारती के पदाधिकारियों के सहयोग से संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र