कोसी पीड़ित पुनर्वासित परिवारों की मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
सुपौल, 19 सितंबर (हि.स.)। नगर परिषद क्षेत्र में बसे कोसी पीड़ित पुनर्वासित परिवारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर आंदोलनरत लोगों ने शनिवार को डीएम सावन कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर हजारों पुनर्वासित परिवारों को होल्डिंग टैक्स से मुक्त करने, पुनर्वास की जमीन का मालिकाना हक दिलाने तथा आवास योजना समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ दिलाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि इन मांगों को लेकर चार अगस्त को नगर परिषद क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन किया गया था। उस दौरान महामहिम राज्यपाल के नाम डीएम को ज्ञापन भी सौंपा गया था।
समाजसेवी लव यादव ने बताया कि करीब एक माह बीत जाने के बाद भी मामले में अपेक्षित पहल नहीं हुई। इसी को लेकर मामले की प्रगति जानने के लिए डीएम से मुलाकात की गई। प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से आग्रह किया कि कोसी पीड़ित पुनर्वासित परिवारों को होल्डिंग टैक्स से राहत देने के साथ पुनर्वासित भूमि पर मालिकाना हक दिलाने की दिशा में पहल की जाए। साथ ही पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, डीएम सावन कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उनके स्तर से इस मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जाएगी और नियमानुसार समुचित पहल की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि डीएम के आश्वासन के बाद फिलहाल आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जाएगा। यदि जल्द ही मांगों पर समुचित पहल नहीं हुई तो पुनः बड़े आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ित परिवारों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए संघर्ष जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

